जिले के अमरपुर गांव में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पागल कुत्ते के आतंक से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घर के आंगन में निकले एक 80 वर्षीय बुजुर्ग पर पागल कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आंगन में आते ही कुत्ते ने किया हमला, खुद को बचाने में गिरे बुजुर्ग
घटना अमरपुर के तहसील मोहल्ले की है। घायल बुजुर्ग के बेटे तीरथ राव ने बताया कि आज सुबह लगभग साढ़े छह बजे उनके 80 वर्षीय पिता जयकरण राव अपने कमरे से निकलकर आंगन के सामने आए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे पागल कुत्ते ने उन पर हमला बोल दिया। बुजुर्ग ने जब बचने के लिए भागने का प्रयास किया, तो वे अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़े। बुजुर्ग को असहाय पाकर कुत्ते ने उनके सिर और हाथ पर बुरी तरह काटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
चिल्लाने पर भागा कुत्ता, हाथ-पैर में हुआ फ्रैक्चर
बुजुर्ग पर हमला होते देख जब आसपास के लोग चिल्लाते हुए मौके की तरफ दौड़े, तब कहीं जाकर कुत्ता उन्हें छोड़कर भागा। जमीन पर गिरने और कुत्ते के हिंसक हमले के कारण बुजुर्ग के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया है, वहीं सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल डिंडोरी रेफर कर दिया।
गांव में कई लोगों को बनाया शिकार, अस्पताल में इलाज जारी
अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ए. के. वर्मा ने बताया कि घायल बुजुर्ग का प्राथमिक इलाज करने के साथ ही उन्हें रैबीज का इंजेक्शन लगा दिया गया है। हाथ-पैर की गंभीर चोटों को देखते हुए उनका एक्स-रे कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस पागल कुत्ते ने गांव में केवल जयकरण राव ही नहीं, बल्कि तीन-चार अन्य लोगों को भी काटकर घायल किया है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग घरों से निकलने में डर रहे हैं।
अधिकारियों से सलाह लेकर जल्द करेंगे समाधान: सरपंच
इस गंभीर घटनाक्रम को लेकर अमरपुर के सरपंच रामनाथ उद्दे ने कहा कि उन्हें ग्रामीणों के माध्यम से कुत्ते के आतंक और बुजुर्ग के घायल होने की सूचना मिली है। गांव की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए वे आज ही जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। अधिकारियों से सलाह लेकर जल्द ही कोई ठोस प्रयास किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को इस पागल कुत्ते के आतंक से निजात मिल सके।
0 टिप्पणियाँ