इनडोर खेल परिसर में पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता संपन्न, बच्चों ने बिखेरे संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के रंग

 माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में  खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा इनडोर खेल परिसर हॉल में एक भव्य पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में नगर परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक और जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान के साथ खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी श्री मोहम्मद अहमद खान ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेकलसुता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बिहारी लाल द्विवेदी द्वारा की गई और पूरे मंच का कुशल संचालन सुश्री आरती सोंधिया ने किया। इस दौरान इनडोर खेल परिसर का हॉल बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता से सराबोर नजर आया।


आयोजन में क्षेत्र के लगभग 150 बच्चों ने बेहद उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान डिंडोरी की समृद्ध संस्कृति पर आधारित एक खूबसूरत पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से स्थानीय लोक जीवन को कैनवास पर उतारा। इसके साथ ही महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के जीवन पर आधारित एक ओजस्वी भाषण प्रतियोगिता भी रखी गई। दोनों ही प्रतियोगिताओं में बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. बिहारी लाल द्विवेदी ने वीर सावरकर के संघर्षमय जीवन, उनकी देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को वीर सावरकर के विचारों से प्रेरणा लेकर देश सेवा में आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस पूरे भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री राजकुमार धुर्वे, श्री सुमन कुमार, श्रीमती मनीषा बैरागी, श्री नीरज मछलाहा, श्री अजीत धुर्वे और माय भारत से श्री देवेंद्र कुमार बर्मन का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा। यह संपूर्ण आयोजन जिला युवा अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) श्री भुवन सिंह सोलंकी के कुशल मार्गदर्शन में अत्यंत गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services