डिंडोरी। जिले की जीवनदायिनी माँ नर्मदा के संरक्षण और घाटों की गरिमा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा 'मैया अभियान' सफलता के नए आयाम गढ़ रहा है। रविवार को नर्मदा तट पर आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान में जिले की संवेदनशील कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया की सक्रियता और दूरगामी सोच का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया के स्पष्ट निर्देशों और व्यक्तिगत उपस्थिति के चलते न केवल घाटों पर वृहद स्तर पर सफाई की गई, बल्कि लंबे समय से घाट किनारे पैर पसारे हुए अतिक्रमण को भी जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन की इस सख्त और सकारात्मक कार्रवाई ने आम जनमानस को यह कड़ा संदेश दिया है कि माँ नर्मदा की पवित्रता से खिलवाड़ और तटों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अभियान की सबसे प्रेरणादायक तस्वीर बच्चों की सहभागिता रही, जिन्हें कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया ने स्वयं प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का आगाज़ सुबह योग और जुम्बा अभ्यास के साथ हुआ, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इसके पश्चात कलेक्टर की अगुवाई में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नन्हे वॉलंटियर्स ने मिलकर श्रमदान किया और देखते ही देखते घाट परिसर को चकाचक कर दिया। श्रीमती भदौरिया ने इस दौरान कहा कि बच्चों को इस अभियान से जोड़ने का मुख्य लक्ष्य उनमें बचपन से ही पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति नैतिक जिम्मेदारी पैदा करना है। उनकी इस अभिनव पहल की जिले भर में सराहना हो रही है, क्योंकि यह अभियान केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि घाटों के स्थायी सौंदर्यीकरण और वृक्षारोपण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
प्रशासनिक अमले के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका और राजस्व विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए स्थानों पर जल्द ही सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जाए, ताकि घाट और अधिक आकर्षक और व्यवस्थित दिखें। इस मुहिम में एसडीएम देवांगन, नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया के कुशल मार्गदर्शन में डिंडोरी जिला अब स्वच्छता के मामले में एक मिसाल बन रहा है। उनके इस प्रयास ने न केवल प्रशासन की छवि को निखारा है, बल्कि आम नागरिकों में भी 'स्वच्छ डिंडोरी-सुंदर डिंडोरी' के विजन के प्रति अटूट विश्वास जगाया है।
0 टिप्पणियाँ