शासकीय उद्यान और समृद्धि ऑनलाइन सेंटर में प्रैक्टिकल सीख रहे छात्र; 20 दिवसीय प्रशिक्षण से खुलेगा स्वरोजगार का रास्ता
डिंडौरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करौंदी (शहपुरा) में कक्षा 10वीं और 12वीं के व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने और उनके उज्जवल भविष्य को संवारने के लिए ऑन जॉब प्रशिक्षण का शानदार आयोजन किया जा रहा है। 2 मई से शुरू हुए इस बेहद महत्वपूर्ण 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ जमीनी स्तर पर आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में मजबूत कदम रख सकें।
यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री शिवचरन सिंह आर्मो के मार्गदर्शन में और व्यावसायिक शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। शासन के निर्देशों के परिपालन में आयोजित इस 80 घंटे के विशेष प्रशिक्षण के तहत कृषि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को शासकीय उद्यान संजय निकुंज करौंदी में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जा रही है, वहीं आईटी विषय के विद्यार्थियों को समृद्धि ऑनलाइन सेंटर में आधुनिक तकनीकी कार्यप्रणाली और डिजिटल कामकाज से रूबरू कराया जा रहा है।
23 मई तक छात्र सीखेंगे हुनर और व्यापार के गुर
चर्चा के दौरान व्यावसायिक शिक्षक (कृषि) श्री श्याम जी साहू और व्यावसायिक शिक्षक (आईटी) श्री आदित्य झरिया ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को यह सिखाया जा रहा है कि 12वीं उत्तीर्ण होने के बाद किसी कंपनी में वर्किंग के साथ कैसे जॉब हासिल की जाए। इसके साथ ही उन्हें यह भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है कि वे व्यावसायिक पाठ्यक्रम के अंतर्गत खुद का व्यापार या स्टार्टअप शुरू कर कैसे आर्थिक रूप से अपने आप को मजबूत कर सकते हैं। 23 मई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में छात्र-छात्राएं भी गहरी रुचि ले रहे हैं और पूरी शिद्दत से काम सीख रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ