सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर जारी होंगे नोटिस, अमरपुर में जनता की समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए लगेगी चौपाल
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरia की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक संपन्न हुई, जिसमें शासकीय योजनाओं और जनहित के मुद्दों की गहराई से समीक्षा की गई । कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को अटैंड नहीं किया है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किया जाए और जहां हितग्राही बार-बार शिकायत कर रहे हैं, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी । इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने के लिए विकासखंड अमरपुर के जनपद पंचायत मैदान में 'जनसुनवाई चौपाल' लगाने के निर्देश दिए गए हैं । इस कैंप में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला पंचायत सीईओ और सहायक संचालकों सहित सभी विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहकर ऑन-द-स्पॉट समस्याओं का निराकरण करेंगे ।
आगामी उपार्जन केंद्रों पर अनाज सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, सड़कों पर बिना परमिट दौड़ने वाली बसों पर कसेगा शिकंजा
कलेक्टर ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया है कि भविष्य में केवल उन्हीं स्थानों पर उपार्जन या खरीदी केंद्र बनाए जाएं, जहां सामग्री रखने की पर्याप्त और सुरक्षित व्यवस्था हो । उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि अनाज को जमीन के बजाय फर्श पर रखने का इंतजाम हो ताकि आगामी समय में होने वाली बरसात के पानी से फसल को खराब होने से बचाया जा सके । इसके साथ ही जिले के विभिन्न मार्गों पर बिना परमिट के अवैध रूप से संचालित हो रही बसों पर लगाम कसने के लिए परिवहन विभाग को नियमित जांच कर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं । आबकारी विभाग को भी विकासखंड स्तर पर सघन जांच कर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री को पूरी तरह रोकने के लिए मुस्तैद रहने को कहा गया है ।
कलेक्टर की अनोखी अपील: आने वाली पीढ़ी की प्यास बुझाने के लिए अधिकारी-कर्मचारी अपने घरों में लगाएं रेनवाटर हार्वेस्टिंग
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को 30 जून तक जल संरक्षण के समस्त कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने की समय-सीमा तय की है । पानी के गिरते जलस्तर को सुधारने और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उन्होंने एक बेहतरीन पहल की शुरुआत की है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी, विद्यालय और शासकीय भवनों के साथ-साथ अपने निजी घरों में भी अनिवार्य रूप से रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं । इसके तहत घर की छतों का पानी पाइपलाइन के जरिए जमीन के अंदर बने सोखते गड्ढों में रेत भरकर उतारा जाए ताकि वाटर लेवल मजबूत बना रहे । इस काम में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने घर के हार्वेस्टिंग सिस्टम के पास खड़े होकर जियो टैग फोटो कार्यालय में जमा करनी होगी । कलेक्टर का मानना है कि इस प्रयास से 'गांव का पानी गांव में और शहर का पानी शहर में' सुरक्षित रहेगा, जो आने वाली पीढ़ी को पानी के संकट से बड़ी राहत देगा ।
आईएएस मनोज पुष्प ने किया शहपुरा का औचक निरीक्षण, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना से किसानों की आय दोगुनी करने पर जोर
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के जिला एवं राज्य नोडल अधिकारी तथा आयुक्त सहकारिता श्री मनोज पुष्प (आईएएस) ने डिंडौरी जिले का विस्तृत दौरा किया । उन्होंने शहपुरा विकासखंड के बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति उपार्जन केंद्र और ग्राम पंचायत इंदौरी का भ्रमण कर कवर्ड मल्टीलेयर निर्माण, मछली जलकुंड, सोख पिट और कोदो-कुटकी खरीदी केंद्रों का गहन अवलोकन किया । इसके बाद कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स (कोदो-कुटकी) के उत्पादन और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए । योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जिले की कृषि ब्रांड एम्बेसडर सुश्री लहरी बाई के माध्यम से मिलेट्स व्यंजनों और जैविक उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है । नोडल अधिकारी ने सभी विभागों को तीन महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड, स्व-सहायता समूहों और व्यक्तिगत हितग्राहियों को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित कर विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जाए । निरीक्षण के दौरान ग्राम इंदौरी में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना की, जहां एक दीदी ने समूह से 50 हजार का ऋण लेकर कवर्ड मल्टी लेयर सब्जी फार्म से अपनी पारिवारिक आर्थिक स्थिति मजबूत करने की प्रेरक कहानी साझा की ।
जनगणना 2027 की जागरूकता के लिए मंडला-बालाघाट होते हुए डिंडौरी पहुंचा एलईडी प्रचार रथ, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने दिखाई हरी झंडी
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मध्य प्रदेश जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा तैयार किया गया विशेष एलईडी जागरूकता रथ डिंडौरी पहुंच गया है । मंडला और बालाघाट जिलों का भ्रमण करने के बाद पहुंचे इस आधुनिक रथ को क्षेत्रीय सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, नए एसपी आशीष खरे और जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे । यह डिजिटल प्रचार रथ जिले के सभी सातों विकासखंडों के गांव-गांव में घूमकर आकर्षक ऑडियो-वीडियो माध्यमों से आम जनता को जनगणना की पूरी प्रक्रिया समझाएगा, जिससे नागरिकों में जागरूकता आएगी और वे इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी सही व सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे
नए पुलिस कप्तान आशीष खरे ने संभाला कार्यभार, अपराधियों पर कड़ाई और जनसंवाद को बताया अपनी पहली प्राथमिकता डिंडौरी जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है । पदभार संभालते ही पुलिस कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया । पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी आशीष खरे एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों की एक अहम अपराध समीक्षा बैठक ली । बैठक में कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, गंभीर प्रकरणों और फरार वारंटियों की धरपकड़ को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई । उन्होंने सभी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्त करने के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश दिए । नए कप्तान ने साफ किया कि बीट व्यवस्था को मजबूत करना, जनसंवाद बढ़ाना और जनता व पुलिस के बीच बेहतर तालमेल व विश्वास स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी । इसी दौरान उन्होंने विभाग के सात कर्मचारियों को आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति का स्टार लगाकर उन्हें उनके नवीन दायित्वों को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाने की शुभकामनाएं भी दीं ।
0 टिप्पणियाँ