डिंडौरी: जिला पंचायत सभाकक्ष में अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ लापरवाह कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया गया। बैठक में अध्यक्ष ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पूर्व सभी जल स्रोतों की सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि संक्रमण से बचा जा सके, वहीं जल जीवन मिशन में लापरवाही बरतने वाले और घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने तथा उनकी संपत्ति राजसात करने की बात कही।
सदन में शिक्षा विभाग द्वारा बांटी जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। उपाध्यक्ष अंजु व्यौहार द्वारा उठाए गए गुणवत्ताहीन साइकिल वितरण के मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना गुणवत्ता परीक्षण के वितरण नहीं होगा और खराब साइकिलों के मामले में शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। बैठक में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने स्वास्थ्य विभाग के अधूरे और गुणवत्ताहीन कार्यों पर नाराजगी जताई, जिस पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए गए। साथ ही, जनप्रतिनिधियों ने लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों की सूचना समय पर न मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। जल संरक्षण के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों पर हर्ष जताते हुए आगामी 15 दिनों में प्राचीन जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार का लक्ष्य रखा गया और जिला स्तर पर पंच-सरपंच सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर विधायक ओमकार मरकाम सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ