खाद्य विभाग ने मारा छापा; होटल संचालकों में हड़कंप

 जिला प्रशासन की मुस्तैदी और कलेक्टर महोदया के कड़े निर्देशों के बाद आज डिंडोरी नगर के होटल संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही अमल में लाई गई। प्रशासन को लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि घरेलू उपयोग के लिए आवंटित एलपीजी सिलेंडरों का सरेआम व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे न केवल राजस्व की हानि हो रही है बल्कि यह सुरक्षा के लिहाज से भी अत्यंत जोखिम भरा है। इसी कड़ी में आज रविवार, 29 मार्च को खाद्य विभाग की टीम ने अचानक मंडला बस स्टैंड स्थित प्रमुख होटलों पर छापामार कार्यवाही की, जिससे पूरे क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।


कार्यवाही का नेतृत्व कर रहे सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नितिन जयसवाल ने योजनाबद्ध तरीके से बस स्टैंड स्थित नीलकंठ होटल और मनीषा होटल की जांच की। जांच के दौरान नीलकंठ होटल के परिसर से 2 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और मनीषा होटल से 1 घरेलू एलपीजी सिलेंडर व्यावसायिक कार्य में उपयोग होते पाए गए। अधिकारियों ने मौके की नजाकत को देखते हुए तत्काल इन तीनों सिलेंडरों को जब्त कर लिया और विधिक प्रक्रिया पूर्ण की। अधिकारियों की इस त्वरित कार्यवाही ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

खाद्य विभाग की इस टीम ने जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को सुरक्षा के मद्देनजर डिंडोरी इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया है। इन दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध द्रविकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनिमय आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत प्रकरण तैयार किया गया है। विभाग ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग कानूनी अपराध है और आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज किया जाएगा। नगर के अन्य प्रतिष्ठान जो नियमों को ताक पर रखकर कार्य कर रहे हैं, अब प्रशासन की रडार पर हैं।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services