डिंडौरी में गूंजा 'आंगन मिलन' का संदेश, बच्चों की किलकारियों से सजे आंगनवाड़ी केंद्र

 डिंडौरी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिले में “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में की गई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंगौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का प्रथम दिवस बाल स्वास्थ्य और आनंदमयी गतिविधियों को समर्पित रहा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से सीधे जोड़ते हुए बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।

डिंडौरी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

इस दौरान शहपुरा विधायक श्री ओम प्रकाश धुर्वे ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र में इस कार्यक्रम में शामिल होकर सहभागिता निभाई और बच्चों व महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के पहले दिन डिंडौरी परियोजना के 368, शहपुरा के 265, मेंहदवानी के 231 और अमरपुर के 238 सहित जिले के सभी ग्रामीण आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष आयोजन हुए। प्रथम दिवस की शुरुआत स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आंगनवाड़ी परिसर में वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान के साथ की गई, जिससे समुदाय में स्वच्छता का संदेश भी प्रसारित किया गया। इसके बाद तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए खेल, गीत, कहानी और चित्रकला जैसी आनंदमयी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे केंद्रों में रौनक छा गई।

आयोजन के दौरान माननीय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी के संदेशों का वाचन किया गया तथा वीडियो एवं डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास की उपयोगी जानकारियां दी गईं। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं के समर्पित कार्यों की सराहना की गई और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों की माताओं, गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा अन्य महिला हितग्राहियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें बेहतर पोषण, बच्चों की देखभाल और शासकीय कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बच्चों और महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों को फल, पौष्टिक आहार और मिठाइयों का वितरण किया गया, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

डिंडौरी नगर पंचायत क्षेत्र में भी हुआ आंगनवाड़ी मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन

डिंडौरी नगर पंचायत क्षेत्र के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का अभूतपूर्व आयोजन किया गया। परियोजना अधिकारी सुश्री प्रभा कीर्ति प्रभा चंदेल , पर्यवेक्षक श्रीमती तिर्की ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र के स्थानीय हितग्राहियों के साथ-साथ आसपास के प्रतिष्ठित समाजसेवियों ने भी सहभागिता की। नगर क्षेत्र के लोगों ने इस अनूठी पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 10-I की आंगनवाड़ी केंद्र में वे भी शामिल हुई और हितग्राहियों, बच्चों के साथ उत्सव के माहौल में कार्यक्रम संपन्न करवाया सभी आंगनवाड़ी परिसरों में वृक्षारोपण किया गया, बच्चों के लिए विभिन्न आनंदमयी गतिविधियां आयोजित हुईं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से सम्मान किया गया।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services