डिंडोरी। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने आज पुलिस लाइन डिंडोरी में आयोजित जनरल परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित इस पहली परेड के दौरान एसपी ने उपस्थित पुलिस बल की वेशभूषा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन व्यवस्था और उनकी कार्यप्रणाली का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें अपनी ड्यूटी को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक महोदय ने पुलिस लाइन में खड़े शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की वर्तमान स्थिति, उनके रखरखाव और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी ली और परिवहन शाखा को निर्देश दिए कि सभी वाहनों का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस बल पूरी तत्परता के साथ मौके पर पहुंच सके। इसके बाद पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड द्वारा नवागत एसपी को पारंपरिक सलामी दी गई, जिसके पश्चात उन्होंने गार्ड का निरीक्षण कर जवानों की कार्यकुशलता को परखा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने पूरे पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और जनता की सेवा करना ही पुलिस का मुख्य ध्येय होना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ काम करने की सीख दी, ताकि पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी तथा जनता के अनुकूल बनाया जा सके।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर एसडीओपी बजाग विवेक गौतम, यातायात थाना प्रभारी सुभाष चंद्र, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, 36वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल कैंप से कंपनी प्रभारी गोकुल मरावी और प्रभारी रक्षित निरीक्षक सूबे कुंवर सिंह ओलाड़ी सहित जिले के तमाम पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ